प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्था में हिन्दी दिवस / हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन 14-30 सितम्बर, 2024 तक बड़े धूमधाम से मनाया गया । हिन्दी पखवाड़े के शुभारम्भ में 18 सितम्बर, 2024 को समीर, मुंबई में हिन्दी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया इसमें 25 सदस्यों ने भाग लिया । कर्मचारी सदस्यों के लिए ‘6 जी नेटवर्क की महत्ता’, ‘हिन्दी दिवस का महत्व’, महिला सशक्तिकरण – अधिकार एवं बाधाएं तथा ‘बलात्कार के मामले में बदलते कानून का महत्व’ इन विषयों पर हिन्दी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । इसमें हिन्दी भाषी और हिन्दीत्तर भाषी कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया I सभी प्रतियोगिता में प्रशासनिक वर्ग तथा वैज्ञानिक वर्ग के कर्मचारियों ने भाग लिया ।
हिन्दी दिवस / हिन्दी पखवाड़ा का मुख्य कार्यक्रम दिनांक 07/10/2024 को कार्यक्रम निदेशक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में सभी विजयी कर्मचारी सदस्यों को पुरस्कार प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । हिन्दी निबंध प्रतियोगिता के पुरस्कार प्रमाणपत्र श्री राजेश हर्ष, कार्यक्रम निदेशक के हस्ते प्रदान किए गए, हिन्दी टिप्पण आलेखन तथा हिन्दी अनुवाद प्रतियोगिता के पुरस्कार प्रमाणपत्र श्री एम. पी. बालामुरुगन, कुलसचिव तथा डॉ. आलोक वर्मा, नोडल अधिकारी (राजभाषा) के हस्ते प्रदान किए गए तथा कविता पाठ प्रतियोगिता के पुरस्कार प्रमाणपत्र मुख्य अतिथी श्री नंदकुमार व्यास, पूर्व महाप्रबंधक, एन.एफ़.डी.सी के हस्ते प्रदान कर विजयी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया । इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में श्री राजेश हर्ष, कार्यक्रम निदेशक उपस्थित थे उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 343 के अनुसार 14 सितंबर 1950 को भारतीय संविधान सभा ने हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया था| यह निर्णय भारत के संविधान द्वारा स्वीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ हम प्रतिवर्ष सितंबर माह में हिंदी पखवाड़ा मनाते हैं । इसमें बहुत ही उत्साह के साथ हमारे वैज्ञानिक और कर्मचारी सदस्य भाग लेते हैं, किसी भी राष्ट्र की महानता, अस्मिता, गरिमा एवं आदर्शों की सही पहचान उस देश की भाषा विशेषकर राजभाषा से होती है । मुख्य अतिथि के रूप में श्री नंदकुमार व्यास समारोह में उपस्थित थे उन्होंने हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य पर साहित्यिक हिंदी तथा राजभाषा हिंदी की संवैधानिक स्थिति एवं कार्यान्वयन पर व्याख्यान दिया तथा उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी । डॉ. आलोक वर्मा, नोडल अधिकारी (राजभाषा) ने अपने आह्वान में संस्था के सभी अधिकारी / कर्मचारी द्वारा हिन्दी भाषा का सहज प्रयोग करके अपना दैनंदिन कार्य अधिक से अधिक राजभाषा हिन्दी में करने पर जोर दिया और उन्होंने आगे कहा कि हमें राजभाषा हिन्दी में कार्य करके ही हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है । कार्यक्रम का संचालन श्री गायकवाड, हिन्दी अधिकारी द्वारा किया गया |
आयोजन तस्वीरें









